पद्म पुरस्कारों में किस राज्य ने मारी बाजी, सबसे अधिक मिला पद्म भूषण

1 min read

महाराष्ट्र की छह प्रतिष्ठित हस्तियों ने देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान, पद्म भूषण जीता है. इसके अलावा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को घोषित पद्म पुरस्कारों में राज्य की झोली में छह पद्म श्री भी आये हैं. पुरस्कार पाने वालों में मीडिया और कला से दो-दो, चिकित्सा से तीन और शेष अन्य श्रेणियों से हैं.

पद्म भूषण पुरस्कार विजेता हैं: गुजराती पत्रकार होर्मुसजी एन. कामा (पत्रकारिता, साहित्य), डॉ. अश्विन बी. मेहता (चिकित्सा), पूर्व राज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम नाइक (सार्वजनिक मामले), दत्तात्रय ए. मालू (कला), लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल जोड़ी के अनुभवी संगीत निर्देशक प्यारेलाल शर्मा (कला), और गुजराती पत्रकार कुंदन व्यास (पत्रकारिता, साहित्य).

पद्मश्री सम्मान: उदय वी. देशपांडे (खेल), डॉ. मनोहर के. डोले (चिकित्सा), ज़हीर आई. काज़ी (साहित्य, शिक्षा), डॉ. चन्द्रशेखर एम. मेश्राम (चिकित्सा), कल्पना मोरपारिया (व्यापार) , उद्योग) और शंकर बाबा पुंडलिकराव पापलकर (सामाजिक कार्य). दो युगल विजेताओं सहित कुल 132 पुरस्कारों की घोषणा की गई है, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 110 पद्मश्री शामिल हैं.

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, अभिनेत्री वैजयंतीमाला बाली, अभिनेता कोनिडेला चिरंजीवी, सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक दिवंगत बिंदेश्वर पाठक, उच्चतम न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश दिवंगत एम. फातिमा बीवी और ‘बॉम्बे समाचार’ के मालिक होर्मुसजी एन. कामा सहित 132 प्रतिष्ठित शख्सियतों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की गई.

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन के अध्यक्ष यंग लियू, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राम नाइक, दिवंगत अभिनेता विजयकांत, गायिका उषा उत्थुप और परोपकारी किरण नादर को भी प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कारों से सम्मानित करने की घोषणा की गई. सरकार ने मंगलवार को पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित करेगी.

You May Also Like

More From Author